रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ में सेवा और जनभागीदारी का सिलसिला जारी रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहे हैं। गरीब कल्याण से लेकर सुशासन, अंत्योदय से लेकर आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक उनकी यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक है ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करना उनके प्रति प्रदेशवासियों के स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को व्यापक रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा केवल किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। इसी उद्देश्य के साथ प्रदेश में विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। सरकार इन्हीं आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
प्रधानमंत्री के लिए मुख्यमंत्री ने की मंगलकामना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेते हुए छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।
