रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 7 अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश में अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियों पर पदस्थ किया गया है। इस बदलाव में जिला पंचायत, मंत्रालय, चिकित्सा शिक्षा और मेडिकल सर्विसेज से जुड़े महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
मोहला-मानपुर में बदले CEO
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार गुप्ता को अब उप सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक (प्रशासन) उज्ज्वल पोरवाल को जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।
मोहला-मानपुर में प्रशासनिक बदलाव
अभिषेक कुमार गुप्ता → उप सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति
उज्ज्वल पोरवाल → CEO, जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
नारायणपुर जिला पंचायत को मिला नया CEO
जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल को अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
डॉ. ऋतु वर्मा को PSC का अतिरिक्त प्रभार
डॉ. ऋतु वर्मा उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के पद पर यथावत रहेंगी। उनके पास अब परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर अटल नगर का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन में भी बदलाव
छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम में सहायक महाप्रबंधक हेमंत कुमार मत्यपाल को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड में महाप्रबंधक (प्रशासन) बनाया गया है।
सूरजपुर को मिली नई अपर कलेक्टर
अपर संचालक, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय नयनतारा सिंह तोमर को स्थानांतरित करते हुए अपर कलेक्टर, सूरजपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
अपर कलेक्टर रायपुर अब मंत्रालय में
मनीष मिश्रा, जो अपर कलेक्टर रायपुर के पद पर पदस्थ थे, उन्हें अब उप सचिव, मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिकारियों को 10 दिन में ज्वाइन करना होगा
सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारी आदेश जारी होने के 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यमुक्त होकर नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करें और इसकी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं।