
कोरबा। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने अवैध सागौन कटाई एवं परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रात्रि गश्ती के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन को सागौन लकड़ियों सहित जब्त किया है। वाहन से सागौन के 26 नग लट्ठे, लगभग 2.000 घन मीटर लकड़ी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह के पास जंगल से सागौन की लकड़ी अवैध रूप से काटकर परिवहन किए जाने की सूचना मुखबिरों से मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के मध्य वन मार्ग पर रात्रि गश्ती अभियान चलाया।
इसी दौरान जंगल की ओर से आते हुए बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG-13 AY 1202 को वन विभाग की टीम ने रोककर जांच की। वाहन में सागौन के 26 नग लट्ठे लदे पाए गए। लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन एवं लकड़ी को तत्काल जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश तथा उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा श्री रामसिंह राठिया एवं उपवनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा श्री सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा श्री डेथंजय शर्मा ने किया। टीम में परिक्षेत्र सहायक श्री यशमल आदिल, परिसर रक्षक श्री गुरुवेंद्र कुर्रे, श्री अर्जुन सिंह कंवर, श्री बलराम राठिया सहित अन्य वन कर्मचारी शामिल रहे।
वन विभाग द्वारा पकड़े गए वाहन एवं सागौन लकड़ी के संबंध में वन अपराध प्रकरण (पी.ओ.आर.) क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर वन अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई में स्थानीय मुखबिरों के साथ-साथ संयुक्त वन प्रबंधन समिति डुमरडीह एवं भुलसीडीह के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की सक्रियता एवं रात्रि गश्ती अभियान की सराहना की।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाकर वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।